Skip to main content

Conflict between the team of Anna Sabha (विरोध के बीच हुई टीम अन्ना की सभा)


Story Update : Monday, February 20, 2012    
शिप्रा सन सिटी में ऐन वक्त पर पुलिस ने सभा का आयोजन रोका

वैशाली। विधानसभा चुनाव के दौरान भ्रष्टाचार के खिलाफ जनसभा कर रही टीम अन्ना को गाजियाबाद में पुलिसिया विरोध का सामना करना पड़ा। ऐन वक्त पर शिप्रा सन सिटी में पुलिस ने टीम अन्ना की सभा पर रोक लगा दी। इसके बाद सभा को संबोधित करने पहुंचे मनीश सिसौदिया और कुमार विश्वास भी अड़ गए। उन्होंने कहा, पुलिस अपना काम करेगी और हम अपनी सभा करेंगे। उनके अडिग रवैए को देख आखिरकार पुलिस को झुकना पड़ा और सभा की अनुमति दी।
विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचारियों को सत्ता से दूर रखने के लिए टीम अन्ना ने गाजियाबाद में मतदाताओं के साथ जनसभा की। रविवार को गाजियाबाद में चार जगहों पर सभा कर मतदाताओं से वोट के जरिए सत्ता के साथ ही व्यवस्था परिवर्तन का आह्वान किया। सुबह राजेंद्र नगर खेतान पब्लिक स्कूल से इसकी शुरुआत हुई। कोर टीम के सदस्य मनीष सिसौदिया ने मतदान के प्रति अपनी सही जिम्मेदारी निभाने और व्यवस्था परिवर्तन के लिए सही कदम उठाने की बात कही। मतदाताओं को प्रत्याशियों से लोकपाल के समर्थन में राय पूछने और भ्रष्ट तंत्र के खिलाफ वे क्या कदम उठाएंगे ये जानने की अपील भी की। सभी मतदाता घरों से बाहर निकलें और साफ छवि वाले प्रत्याशी को चुनें। बाद में कार्यकर्ता वसुंधरा सेक्टर-13, इंदिरापुरम के सेंट्रल पार्क और नंदग्राम में जागरुकता अभियान चलाया। देवेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, संजय राघव, अवधेश भारद्वाज, संजय सिंह, वंदना, अभय, नीना जैन, सोनी सिंह, संजीव गुप्ता आदि रहे।

Source: Amar Ujala

Comments